पेपर लीक मामले में गिरफ्तार पत्रकारों की रिहाई की मांग को लेकर संयुक्त पत्रकार संघर्ष मोर्चा के बैनर तले जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में पत्रकारों का क्रमिक अनशन सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। मौके पर पहुंचे रसड़ा तहसील के पत्रकारों ने पत्रकारों की रिहाई तथा डीएम व एसपी के निलंबन की मांग की।
पत्रकार संतोष कुमार सिंह ने कहा कि सच उजागर करने वाले चौथे स्तंभ को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसा माहौल बनाया जा रहा है कि कोई अन्याय के खिलाफ आवाज न उठाए। पर यह बागी बलिया है। यहां से निकली चिंगारी ज्वालामुखी बन जाती है। निर्दोष पत्रकारों को फर्जी तरीके से फंसाकर प्रशासन अपनी करतूतों पर पर्दा डालने में लगा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पीयूसीएल के सदस्य व अधिवक्ता रणजीत सिंह ने कहा कि बलिया के प्रशासन को सही व गलत का फर्क नहीं मालूम। पत्रकारों की लड़ाई को पीयूसीएल समर्थन करता है। संवाद