बलिया जनपद में बृहस्पतिवार रात से लगातार हो रही बारिश शुक्रवार को पूरे दिन जारी रही। मूसलाधार बारिश से जहां जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं, पूरा शहर बारिश के पानी से लबालब नजर आया। शहर की सड़कें तालाब के रूप में नजर आ रही थीं। हालात इतने बदतर हो गए कि नाले और नालियों के जाम होने से बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे नगरवासी हलकान रहे। दोपहर में कुछ देर के लिए बारिश थमने के बाद सड़कों पर लोग निकले।
बारिश से शहर से गांव तक बुरे हालात हैं। किसान अपनी धान की फसल को लेकर चिंतित है कि फसल की कटाई कैसे होगी। वहीं, बारिश के बाद नगर समेत ग्रामीण इलाकों की स्थिति नारकीय हो गई हैं। नालियों के चोक होने से जहां सड़कों पर पानी लगा हुआ है। नगर के विभिन्न मोहल्लों में घरों में पानी घुसने से लोगों के सामने कई प्रकार की दिक्कत खड़ी हो गई हैं। पानी का लेवल ऊपर आने से नगर के विभिन्न इलाकों में अंडरग्राउंड बनाए गए गोदामों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया है। इससे व्यापारियों का करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। बारिश की वजह से नगर से लेकर गांवों तक जल प्लावन की स्थिति पैदा हो गई है।
मूसलाधार बारिश के चलते नगर के काजीपुरा, आवास विकास कालोनी, रामदहिमपुरम, सतनी सराय, उमरगंज, न्यू बहेरी और जेपीनगर की स्थिति दयनीय हो चुकी है। पिछले छह माह से जलभराव की नारकीय स्थिति का सामना कर रहे काजीपुरा निवासियों के लिए यह बारिश किसी आफत से कम नहीं रही। जलभराव की स्थिति नगर के अन्य मोहल्लों की भी है। जर्जर हो चुकी सड़कों पर बने गड्ढों में बारिश का पानी भरने से लोगों को गड्ढों का पता नहीं चल रहा है। ऐसे में हादसा की आशंका ज्यादा है। नगर के मालगोदाम, एसी कालेज चौराहा, भुगुआश्रम स्थित रविदास मंदिर, मिड्ढी चौराहे से एनसीसी तिराहा, काजीपुरा, आवास विकास कालोनी, टैगोर नगर, आनंदनगर, रामदहिनपुरम, तिखमपुर, एससी कालेज से जापलिनगंज, बेदुआं आदि मोहल्लों में लोगों का जीवन अभी भी नारकीय बना हुआ है।
सरकारी कार्यालयों का बुरा हाल, ऑफिसों में घुसा पानी
बलिया नगर स्थित सरकारी कार्यालयों का भारी बारिश से बुरा हाल हो गया। सभी प्रमुख सरकार कार्यालयों के परिसर और अंदर जलभराव हो गया है। बारिश का पानी लग जाने के चलते कर्मचारी बाहर कुर्सी पर बैठे नजर आए। एसपी कार्यालय परिसर में घुटने तक पानी भर जाने के चलते पुलिसकर्मी परेशान हैं। जापलिनगंज पुलिस चौकी परिसर में बारिश का पानी बैरक में भर जाने के चलते पुलिसकर्मियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जल निगम कार्यालय परिसर में घुटने तक पानी लगा है। कार्यालय में जलभराव के चलते कर्मचारियों तथा अन्य लोगों को काफी दिक्कतें हो रही है। जल निगम की ओर से पंपिंग सेट से पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उद्योग विभाग, लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड कार्यालय परिसर में घुटने तक पानी लगा है। नगर के छाया कालोनी में घुटने से ऊपर तक पानी लग जाने के चलते कालोनीवासियों का काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। केशवपुरम कालोनी में लोगों के घरों के अंदर पानी घुस गया है।
घरों में घुसा बारिश का पानी
नालों की सफाई का दंभ भरने वाली नगरपालिका की बरसात ने कलई खोल दी है। नगर में पानी की निकासी के लिए बने नालों और नालियों के चोक लेने से बरसात का पानी सड़कों पर पसर गया। हद तो तब हो गई, जब बरसात का पानी लोगों के घरों में जा घुसा। इस दौरान नगरपालिका की ओर से कोई इंतजाम नहीं किए जाने से लोगों को अपने घरों से पानी निकालने के लिए खुद मशक्कत करनी पड़ी।