यूपी के बलिया जिले के चर्चित खाद्यान्न घोटाले में ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन) वाराणसी की टीम ने शनिवार को 45 लाख के गबन के एक और आरोपी कोटेदार को वाराणसी कचहरी से गिरफ्तार कर लिया। ईओडब्ल्यू वाराणसी के पीआरओ इंस्पेक्टर सुनील वर्मा ने बताया कि श्रमिकों को श्रम के बदले खाद्यान्न और नकद पैसे दिए जाने की योजना में नगरा ब्लॉक के तत्कालीन कोटेदारों की ओर से जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों एवं ब्लॉक प्रमुख से मिलीभगत करते हुए 45 लाख रुपये का गबन किया गया था।
निरीक्षक कृष्ण मुरारी मिश्र की टीम ने शनिवार की दोपहर कचहरी चौराहा वाराणसी से तत्कालीन कोटेदार लल्लन गिरि पुत्र जगदीश गिरि निवासी ग्राम वीरपुरा उर्फ चकरा कोल्हुआ, थाना पकडी को गिरफ्तार कर लिया।
वर्ष 2002 से 2005 के बीच हुआ था घोटाला
केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की ओर से संपूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना (एसजीआरवाई) का क्रियान्वयन वर्ष 2002 से 2005 के मध्य जनपद बलिया में किया गया था। इस दौरान बड़े पैमाने पर खाद्यान्न की कालाबाजारी की गई थी।