बैरिया। थाना क्षेत्र के मौजा उपाध्यायपुर में भूमि बेचकर उसी भूमि को अपने पुत्रों के नाम कूटरचित तरीके से दान लिखने के मामले में भूमि की क्रेता अनिता देवी के पति गणेश यादव की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर एफआईआर दर्ज की है। कूटरचित तरीके से क्रेताओं की भूमि को भी दानग्राही का चौहद्दी बताने व क्रेताओं को शेड व नाद चरण बनवा कर कब्जा देने के बावजूद अब उसी शेड में घुसने पर ईंट-पत्थर चलाने का आरोपी बनाया गया है।
एक वर्ष पूर्व गोपालनगर टाड़ी की कटान पीड़ित अनिता देवी पत्नी गणेश यादव, सुनीता देवी पत्नी शिवजी यादव व बेबी देवी पत्नी महेश यादव के नाम बैजनाथपुर निवासी शिवकुमार यादव ने मौजा उपाध्यायपुर में 0.25 डिसमिल भूमि रजिस्ट्री की थी। भूमि खरीदने से पूर्व खरीदारों ने उक्त भूमि पर शेड लगाकर व नाद चरन बनाकर कब्जा किया था। इसके बाद से ही विक्रेता के पुत्रों व पत्नी उक्त भूमि पर खरीदारों को मकान बनाने से रोकने लगे। ईंट पत्थर चलाने लगे।
गत दिनों जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देश पर इसकी जांच के लिए उपजिलाधिकारी बैरिया आत्रेय मिश्र ने संयुक्त टीम का गठन किया था। गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर पत्थर लगा विधिक कार्रवाई की थी। इसके पांच दिन बाद ही विक्रेता व विक्रेता के बच्चे, परिवार व गवाहों ने कूटरचना व धोखाधड़ी का प्लान बना लिया। विक्रेता ने अपनी पूरी भूमि को अपने ही पुत्रों व पत्नी के नाम दान में लिख दिया। विक्रेता शिवकुमार ने पूर्व में 0.25 हेक्टेयर भूमि जो सुनीता वैगरह को बैनामा लिखा था, उक्त भूमि की चौहद्दी को भी दानग्राही का भूमि दस्तावेज में बता दिया।
इसके बाद, विक्रेताओं ने तहसील प्रशासन की ओर से लगवाए गए पत्थर को उखाड़ कर फेंक दिया। गणेश यादव की तहरीर पर विक्रेता व उनके तीन पुत्र सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया है। धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आने पर क्रेता के पति गणेश यादव ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर बैरिया थाना में कूटरचित तरीके से भूमि की चौहद्दी में छेड़छाड़ करने का भी मुकदमा दर्ज किया है।
इस बाबत एसएचओ धर्मवीर सिंह ने कहा कि विगत चार सितंबर को राजस्व टीम द्वारा लगए गए पत्थर को उखाड़ कर फेंकने का मुकदमा दर्ज किया गया था। अब पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कूटरचित तरीके से दूसरे की चौहद्दी को दानग्राही की भूमि बताकर भूमि हड़पने की साजिश का मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है।
उपाध्यायपुर में संयुक्त टीम ने पत्थर लगवाकर विधिक कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट सौंप दी है। बाद में भूमि विक्रेता और उनके परिवार के लोगों द्वारा पत्थर उखाड़ कर फेंकने और कूटरचित तरीके से क्रेताओं की भूमि की चौहद्दी को दानग्राही का भूमि बताकर दान लिखने का मामला संज्ञान में आया है। नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। - आत्रेय मिश्र, उपजिलाधिकारी, बैरिया