सुखपुरा। थाना क्षेत्र के आसन गांव में मंगलवार देर रात धान की नर्सरी की रखवाली कर रहे किसान तेज बहादुर सिंह (62) पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
आसन गांव निवासी तेज बहादुर सिंह अपने ट्यूबवेल पर धान की नर्सरी को नीलगायों से बचाने के लिए रात में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। घायल के भाई हौसला सिंह ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। ग्रामीणों ने घटना का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। थानाध्यक्ष रत्नेश दुबे ने बताया कि घटना में शामिल हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।