बलिया। शहर के तिखमपुर स्थित पॉलिटक्निक काॅलेज के समीप एक निजी अस्पताल में एक व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। इलाज के नाम पर लिए गए 24 हजार रुपये वापस कराकर परिजनों को शांत कराया। परिजनों का आरोप था कि मौत की बात को छुपाकर इलाज के नाम पर वसूली की गई।
सुखपुरा थाना के सपही गांव निवासी भृगु राम (50) होली के दिन सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बीएचयू में भर्ती थे। लेकिन शुगर बढ़ने के कारण बाद में ऑपरेशन की सलाह दी गई। परिजन उन्हें लेकर घर आ गए। दो दिन पहले अचानक तबीयत खराब होने पर परिजनों ने तिखमपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां आयुष्मान कार्डधारक होने के बावजूद अस्पताल के कर्मचारियों ने विभिन्न जांच के नाम पर 25 हजार रुपया जमा कराए।
भृगु राम की तबीयत ज्यादा खराब की बात कह अस्पताल ने परिजनों से फिर 24 हजार रुपया जमा कराए। उसके कुछ देर बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने शव को अस्पताल परिसर में रखकर मौत के बाद शव का इलाज करने के नाम पर पैसा लेने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। थानाध्यक्ष अजय पाल ने बताया कि सूचना पर मौके पर पुलिस पहंुची। परिजनों को काफी समझाने बुझाने के बाद अस्पताल द्वारा सुबह लिया गया 24 हजार रुपया वापस करा दिया गया है।