बलिया। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला हेल्प डेस्क का उद्घाटन 17 अक्टूबर 2020 को किया गया था। जनपद में महिला थाना सहित कुल 23 थाने स्थापित है। जिनमें महिला शक्ति अभियान के साथ महिला हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है, जहां महिला एवं युवतियों से संबंधित शिकायतें दर्ज की जाएंगी, जो गोपनीय रहेंगी और इसमें तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इसमें 17 अक्टूबर 2020 से 25 अक्टूबर 2021 तक कुल 159 शिकायत दर्ज किए गए। जिसमें से 153 का निस्तारण कर दिया गया था। जबकि जांच कर 25 मुकदमा दर्ज किया गया था। लेकिन इसकी मानिटरिंग करने वाली पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्थापित महिला प्रकोष्ठ सेल बंद चल रही है।
छोटी-छोटी बातों को लेकर इन दिनों पति-पत्नी के रिश्तों में दरार पड़ रही है, जो घर से निकलकर थाने व कोर्ट तक पहुंच रही है। इसके अलावा पारिवारिक कलह व उत्पीड़न के भी मामले सामने आ रहे है। जिसके निस्तारण के लिए शासन द्वारा प्रत्येक थानेे में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला हेल्प डेस्क का उद्घाटन 17 अक्टूबर 2020 को किया गया था। इसके तहत जनपद के महिला थाने में आए 17 अक्टूबर 2020 से सात जनवरी 2022 तक कुल 131 शिकायती पत्र आए। जिसमें से पुलिस ने काउंसलिंग के जरिए 125 मामले का सुलह समझौता कराकर दाम्पत्य जीवन सुखमय बनाने का काम किया। इसके अलावा पुलिस द्वारा बार-बार काउंसलिंग भी की जाती है कि कोई दिक्कत तो नहीं है। जबकि छह मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर रही है, जो विचाराधीन है। आंकड़े के मुताबिक अक्तूबर 2020 में आठ प्रार्थना पत्र आए। जिसमें से सात का काउंसलिंग कर समझौता कराया। जबकि एक मामले में मुकदमा दर्ज किया। इसी प्रकार नवंबर माह में आए कुल 13 मामले में 13 का समझौता करवाया। वहीं दिसंबर माह में आए कुल 17 मामले में से 15 में समझौता करवाया तथा दो में मुकदमा दर्ज किया। जनवरी 2021 में आए कुल 20 मामले में से 19 का समझौता तथा एक में मुकदमा, फरवरी माह में आए कुल 10 में से 10 का समझौता, मार्च में आए कुल आठ मामले में आठ का समझौता, अप्रैल में आए कुल दो मामले में समझौता, मई माह में आए कुल चार मामले में समझौता करवाया। इसी प्रकार जून माह में आए कुल 14 मामले में 13 में समझौता व एक में मुकदमा दर्ज किया। जबकि जुलाई माह में आए कुल तीन मामले में समझौता, अगस्त में आए कुल दो मामले में समझौता, सितंबर माह में आए कुल तीन मामले में काउंसलिंग कर समझौता करवाया। इसके अलावा अक्टूबर माह में आए कुल 10 मामले में से नौ में समझौता तथा एक में मुकदमा दर्ज किया। वही नवंबर माह में आए में कुल आठ मामले में काउंसलिंग कर समझौता कराने का काम किया। जबकि दिसंबर माह में कुल छह शिकायती पत्र आया। जिसमें छह मामलों को सुलह समझौता कराकर निस्तारित कर दिया गया। इसके साथ ही सात जनवरी 2022 तक कुल तीन मामले में आए। इन तीनों मामलों को भी समझाकर निस्तारण कर दिया गया।
इस बाबत महिला थाना प्रभारी ज्ञानू प्रिया ने बताया कि अधिकांश मामले में पत्नी-पति के बीच के ज्यादे आते है। जिसमें एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप तथा मारने पीटने के साथ ही इक्का दुक्का पारिवारिक मामले में शामिल है। इसमें कोशिश रहती है कि पति-पत्नी के विवाद को काउंसलिंग कर समझौता करा दिया जाय। जिसका नतीजा है कि अधिकांश परिवार आज दाम्पत्य का सुखमय जीवन व्यतीत कर रहे हैं। बताया कि जो समझाने पर भी नहीं मानता है तो उसमें मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाती है।
------------------
केस-एक
- शहर कोतवाली क्षेत्र के जापलिनगंज निवासी सावित्री देवी पत्नी धमेंद्र कुमार के बीच आपसी विवाद था। जिसे काउंसलिंग के जरिए 24 अक्टूबर 2021 को सुलह-समझौता करवाया गया जो आज दाम्पत्य जीवन का सुख व्यतीत कर रहे है। इनकी काउंसलिंग पुलिस द्वारा बीच-बीच में बराबर ली जाती है कि दिक्कत तो नहीं है।
------------------
- केस-दो
- खेजुरी थाना के बहेरी निवासी संगीता देवी पत्नी बीरेंद्र ने अपने पति पर मारने पीटने का आरोप लगाया था। पति-पत्नी को महिला थाने पर बुलाकर काउंसलिंग की गई। जिसके बाद पति-पत्नी 24 अक्टूबर 2021 से एक साथ खुशी-खुशी जीवन व्यतीत कर रहे है। इनकी काउंसलिंग बीच-बीच में पुलिस द्वारा की जाती है।
------------------
केस-तीन
- शहर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी पूजा सिंह पत्नी अंजनी सिंह ने अपने सास, ससुर व पति पर मारने पीटने व उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। जिसमें महिला दोषी पाई गई। जिसके बाद पूरे परिवार को थाने पर बुलाकर काउंसलिंग की गई। जिसके बाद पूरा परिवार आठ नवंबर 2021 से सुख चैन से जीवन व्यतीत कर रहा है।
------------------
केस-चार
- दुबहर थाना के दुबहर निवासी मनभावति देवी पत्नी संजय बिंद ने अपने पति पर मारने-पीटने और खर्च न देने का आरोप लगाया था। इस मामले में पति-पत्नी को थाने पर बुुलाकर काउंसलिंग की गई। जिसके बाद पति-पत्नी 12 नवंबर 2021 से शांति ढंग से जीवन व्यतीत कर रहे है और पति भी खर्च वहन कर रहा है।
--------------------
केस-पांच
- दुबहर थाना क्षेत्र के शिवपुर दियर निवासी पूनम देवी का पारिवारिक विवाद था। जिसे 18 जनवरी 2022 को सुलह समझौता कराकर घर भेज दिया गया, जो सुखमय जिंदगी व्यतीत कर रहे है। इसके साथ ही बीच-बीच में काउंसलिंग भी की जाती है।