बलिया के सिकंदरपुर कस्बे में सात जुलाई को ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस निकाला जाएगा। इसमें राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न आखाड़े की झांकी शामिल रहती है। उसी को लेकर गुरुवार की देर रात गोला बाजार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शत्रुघ्न अखाड़े का जुलूस निकाला गया।
इस जुलूस में नगर सहित आसपास के गांव से सैकड़ों की संख्या में लोग तेज बारिश के बाद भी शामिल हुए। जुलूस में शौर्य कलाओं का प्रदर्शन किया गया। शत्रुघ्न आखाड़ा का जुलूस गोला बाजार स्थित हनुमान मन्दिर के प्रांगण से देर रात निकाला गया।
जलपा चौक, न्यू मार्केट, बस स्टैंड, बेल्थरा मार्ग, मिल्की मुहल्ला, पोस्ट ऑफिस होते हुए मुख्य बाजार स्थित जलपा चौक में पहुंच कर समाप्त हुआ। जुलूस में शामिल युवाओं व बुजुर्गों के जय महावीर, जय श्रीराम के जयकारों से क्षेत्र गूंज उठा।
उप जिलाधिकारी रवि कुमार पुलिस के जवानों के साथ जुलूस को सकुशल संपन्न कराने में लगे रहे। मुख्य जुलूस निकलने से पूर्व अलग-अलग दिन चार जुलूस निकाला जाता है। इसके क्रम में गुरुवार को अंतिम शत्रुघ्न अखाड़े का जुलूस देर रात्रि निकाला गया।
हर प्वाइंट पर रही पुलिस की मौजूदगी
शत्रुघ्न अखाड़े की जुलूस को सकुशल संपन्न कराने के लिए सिकंदरपुर में भारी फोर्स की तैनाती की गई थी। बारिश के बाद भी पुलिस किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती। लोगों ने बताया कि जुलूस में जितनी भीड़ थी, लगभग उतने ही पुलिस के जवान भी थे। इनका नेतृत्व क्षेत्राधिकारी आशीष कुमार मिश्रा कर रहे थे। कई थाना के प्रभारी, एएसआई, पुलिस के जवान, होमगार्ड के जवान, महिला कांस्टेबल आदि लगाए गए थे।