नरहीं। खेल निदेशालय की ओर से आयोजित होने वाली ऑल इंडिया आमंत्रण प्राइजमनी पुरुष फुटबाल प्रतियोगिता की तैयारियां युद्ध स्तर पर प्रारम्भ हो चुकी हैं। प्रतियोगिता का आयोजन ब्लाक सोहांव के नरहीं ग्राम सभा में 22 से 28 दिसंबर तक किया जाना है।
जिला खेल कार्यालय ने युद्धस्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। क्रीड़ाधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा ने नरहीं स्थित खेल मैदान का निरीक्षण किया। खेल मैदान की माप कर बांस व तार से घेराबंदी की गई, ताकि खेल मैदान को नेशनल प्रतियोगिता के स्तर के लिए तैयार किया जा सके। इस दौरान नरही ग्राम प्रधान रामनारायण पासवान, अरविंद कुमार सिंह, नीरज राय, विनय राय, कमलेश राय, डिंपल राय, संतोष गुप्ता आदि उपस्थित रहे। क्रीड़ाधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा ने बताया कि ऑल इंडिया आमंत्रण फुटबाल प्रतियोगिता में देश की ख्यातिलब्ध फुटबाल टीमों की प्रतिभागिता होगी। पंजाब पुलिस, सीआरपीएफ, केरल, कार्बेट एफसी उत्तराखंड, तोपखाना सेंटर हैदराबाद, चांदनी क्लब कोलकाता, सीएजी दिल्ली, उड़ीसा, राजस्थान आदि टीमों की प्रतिभागी की संभावना है।