नगरा/नरही। नगरा के ककरी चट्टी पर जले ट्रांसफाॅर्मर को नहीं बदलने और नरहीं क्षेत्र में बिजली कटौती से आजिज ग्रामीणों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।
ककरी चट्टी पर लगे 10 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर पांच दिनों जलने के बाद भी नहीं बदले जाने से गुस्साए ग्रामीणों ने रविवार को विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले पांच दिनों से ट्रांसफाॅर्मर जला हुआ है। इसकी शिकायत अवर अभियंता तारकेश्वर यादव से की गई।
दो दिनों में ट्रांसफॉर्मर बदले जाने का आश्वासन देने के बावजूद ऐसा नहीं हुआ। ग्रामीणों ने 1912 पर इसकी शिकायत दर्ज कराई। रविवार की सुबह 25 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर तथा तार लेकर निगम का वाहन ककरी चट्टी पर पहुंचा। वहां ट्रांसफॉर्मर उतार दिया। इसके बाद किसी कर्मचारी से वार्ता के बाद निगम का वाहन ट्रांसफाॅर्मर लेकर चला गया।
इसे गुस्साए ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र पहुंच गए। इसकी भनक मिलते ही जेई तारकेश्वर यादव ने प्रधान प्रतिनिधि अनूप कुमार गुप्ता से सोमवार की सुबह ट्रांसफाॅर्मर लगाने की बात कही। ग्रामीण ट्रांसफाॅर्मर बदले जाने की बात पर अड़े रहे। एक घंटे की चली वार्ता के बाद सोमवार को ट्रांसफाॅर्मर लगाने की बात मानकर ग्रामीण वापस लौट गए। धर्मराज सिंह, सलीम मंसूर, राहुल कुमार, मन्नू यादव, शमशुद्दीन, राहुल कुमार, गुड्डू यादव, धनराज सिंह, अभिषेक यादव मौजूद रहे।
उधर, बसंतपुर पावर हाउस पर बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ता रविवार को धरने पर बैठ गए। अधिकारियों के एक सप्ताह के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हउआ। बसंतपुर पावर हाउस पर लक्ष्मणपुर, पिपरा कला,चौरा, बड़का खेत पलिया खास आदि गांवों के लोग पावर हाउस के गेट पर धरने पर बैठ गए। उपभोक्ताओं का आरोप था कि सुचारू रूप पांच मिनट भी बिजली नहीं रहती है। मौके पर पहुंचे अधीक्षण अभियंता लाल सिंह, अवर अभियंता संतोष कुमार ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह में बिजली आपूर्ति ठीक कर दी जाएगी।