बलिया। गर्मी में जर्जर विद्युत वितरण प्रणाली की पोल खुल चुकी है। आए दिन किसी न किसी इलाके में लोकल फाल्ट के चलते बिजली गुल रहती है। रविवार को दोपहर में सोहांव ब्लॉक के बसंतपुर विद्युत सब स्टेशन से जुड़े 50 से अधिक गांवों में 24 घंटे से अधिक समय विद्युत आपूर्ति ठप है।
जिला मुख्यालय को 24, तहसील मुख्यालयों पर 20 व ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति का रोस्टर तय है लेकिन इस साल गर्मियों में इस रोस्टर की धज्जियां उड़ चुकी हैं। विद्युत वितरण प्रणाली जर्जर हो चुकी है। गर्मियों को देखते हुए विभाग ने इसकी कोई खास तैयारी भी नहीं की है, जिसका नतीजा अब सामने आ रहा है। सोहांव ब्लॉक कस बसंतपुर स्थित विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 50 से अधिक गांवों में आपूर्ति रविवार की दोपहर ठप हो गई। सोमवार की शाम तक बहाल नहीं हो सकी थी। सब स्टेशन के कर्मचारियों का कहना है कि फीडर की लाइन में फाल्ट होने के कारण आपूर्ति ठप हो गई है। लाइन की गड़बड़ी की तलाश की जा रही है।