बलिया। जिले में हलाल सर्टिफिकेशन दवाइयों और उत्पादों के विरुद्ध अभियान शुरू हो गया है। दुकानों पर छापामारी के साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग हलाल सर्टिफिकेशन वाली दवा के विक्रेताओं की सूची तैयार कर रहा है। इसके अलावा सोमवार से बड़े होटल और रेस्टोरेंट में भी अभियान चलाकर प्रतिबंधित उत्पादों को जब्त करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार राय के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों ने शहर के विशुनीपुर मस्जिद के सामने स्थित एक दुकान से क्रिमिया गोल्ड ब्रांड का हलाल सर्टिफाइड दो किग्रा खजूर जब्त किया। टीम में एफएसओ अनिल कुमार और राकेश कुमार शामिल रहे।
बता दें कि यूपी सरकार ने हलाल सर्टिफिकेशन पर पाबंदी लगा दी है। इसके चलते अब हलाल सर्टिफिकेशन के तहत बिकने वाले उत्पाद अवैध हो गए हैं। हलाल सर्टिफिकेशन के तहत सिर्फ खाने पीने की चीजें ही नहीं आती, बल्कि दवाइयां भी आती हैं। उत्पादों, दवाइयों की बिक्री, भंडारण और निर्यात पर पाबंदी लगा दी है।
सरकार का फरमान जारी होते ही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग एक्शन में आ गया है। जिले में करीब 1500 मेडिकल स्टोर संचालित हो रहे हैं। ऐसे में अब इनमें से ऐसे मेडिकल स्टारों की सूची तैयार की जा रही है, जो हलाल सर्टिफाइड दवा बेचते हैं। वहीं, दूसरी ओर बड़े होटल, रेस्टोरेंट, शॉपिंग माल और दुकानों में भी अभियान चलाकर हलाल सर्टिफाइड उत्पादों की जांच हो शुरू हो गई है, जिससे दुकानदारों में हड़कंप है।
000
सरकार ने हलाल सर्टिफाइड दवाइयों पर पाबंदी लगा दी है। इसे लेकर जिले में मेडिकल स्टोरों की सूची तैयार कर रहे हैं। जिन मेडिकल स्टोरों में हलाल सर्टिफाइड दवा मिलती है, उन दवाइयों को सीज किया जाएगा।
-सिद्धेश्वर शुक्ला, औषधि निरीक्षक,बलिया।
शासन की ओर से जो निर्देश दिए गए हैं, उसके अनुपालन में होटल, रेस्टोरेंट, शॉपिंग माल और दुकानों में अभियान चलाकर हलाल सर्टिफिकेशन वाले उत्पादों की जांच की जा रही है।
दिनेश कुमार राय, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, बलिया।