बलिया। जिले के हैबतपुर गांव के दक्षिण में स्थित विजयीपुर दियारे क्षेत्र में पेट्रो पदार्थ का भंडार मिलने की सुगबुगाहट ने ग्रामीणों के चेहरे पर चमक ला दी है। लोगों का मानना है कि ओएनजीसी की योजना अगर सत होती है और मूर्त रूप लेती है तो गांव के साथ इलाके की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल जाएगी।
बता दें कि तकरीन बीते जुलाई माह में उत्तराखंड के देहरादून से आई ऑयल एंड नैचुरल गैस कारपोरेशन लिमिटेड (ओएनजीसी) की आठ सदस्यीय टीम ने हैबतपुर गांव के समीप स्थित विजयीपुर दियारे क्षेत्र में कच्चा तेल का भंडार होने बात कही थी और दो दिनों तक इलाके की मैपिंग भी की थी। तब टीम के सदस्यों का कहना था कि अमेरिका की सैसमिक मशीन की मदद से इस इलाके में भूगर्भ में कच्चा तेल होने के संकेत मिले है। उसी आधार पर टीम ने सर्वे कर स्थान विशेष का चिन्हांकन भी किया था। एक तकनीकी सर्वे रिपोर्ट तैयार की थी, इसमें जमीन के चार किमी नीचे भारी मात्रा में कच्चा तेल (क्रूड आयल) मौजूद होने के संकेत मिले थे। ओएनजीसी की टीम के सदस्यों ने बहुत जल्द यहां भौगोलिक परीक्षण शुरू करने की बात कही थी। तब से गांव के लोग खासे उत्साहित है। उन्हें अब ओएनजीसी के अगले कदम की प्रतीक्षा है।