खेल निदेशालय की ओर से कराई जा रही अखिल भारतीय आमंत्रण प्राइजमनी पुरुष फुटबाल प्रतियोगिता के दूसरे दिन इनकम टैक्स चेन्नई व सीआरपीएफ जालंधर ने अपने मुकाबले जीत लिए। शुक्रवार को पहला मैच डायमंड रॉक बालाघाट और यूनाइटेड क्लब सिवान के मध्य खेला जाएगा। वहीं, दूसरे मुकाबले में इनकम टैक्स चेन्नई व एफएओ उड़ीसा की टीमें आमने सामने होंगी।
बृहस्पतिवार को पहले मुकाबले में इनकम टैक्स चेन्नई केआर आर्यदन ने मैच के 42वें मिनट में पहला गोल कर चेन्नई का खाता खोला। मध्यांतर तक चेन्नई 1-0 से आगे थी। मध्यांतर बाद बक्सर ने 79वें मिनट में पप्पन सरदार के गोल की मदद से मुकाबले को बराबरी पर ला खड़ा किया। मैच के अंतिम क्षणों में चेन्नई के अमीरुद्दीन ने शानदार गोल कर चेन्नई को 2-1 की जीत दिला दी। वहीं, दिन के दूसरे मुकाबले में सीआरपीएफ जालंधर ने पूरी तरह से एकतरफा बना दिया और केरला यूनाइटेड की टीम को 7-1 से पराजित कर दिया। प्रमुख समाज सेवी अजीत राय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। मैच के निर्णायक की भूमिका नृपेन हल्डर, प्रसून मंडल, मो. इस्माइल, अब्दुल हनीफ ने निभाई। संचालन नीरज राय ने किया। क्रीड़ाधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा, अजय प्रताप साहू, मुकेश सबरवाल, पवन कुमार राय, अरविंद कुमार सिंह, विनय राय, अनूप राय आदि लोग उपस्थित रहे।