कस्बा के मिल्की मुहल्ला के समीप शुक्रवार की देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने एक को मृत घोषित कर दिया। वही दो घायलों की हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के बनहरा गांव निवासी व प्राथमिक विद्यालय परसिया रजौली बांसडीह में तैनात शिक्षक रवि उर्फ डब्लू राय (35) बस स्टेशन चौराहा से बाइक से अपने गांव बनहरा जा रहे थे। जैसे ही वह मिल्की मोहल्ला के समीप पहुंचे कि सामने से तेजगति से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें मिल्की मुहल्ला निवासी डा. रामचंद्र राम (50) व उनका पुत्र पीयूष (20) तथा रवि गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होते ही आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े और तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने रवि उर्फ डब्लू को मृत घोषित कर दिया। वही रामचंद्र और व पीयूष की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पाकर पहुंचे थाना प्रभारी अतुल राय ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।