रेवती थाना क्षेत्र में युवती की शव मिलने के बाद मौके पर जुटे ग्रामीण।
थाना क्षेत्र के रेवती-पचरूखिया मार्ग स्थित सरकारी ट्यूबवेल के पास मक्के के खेत में शनिवार की सुबह गला रेता एक युवती का शव मिला।पुलिस ने शिनाख्त कराने के बाद शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। युवती की मां की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन शुरू कर दी।
शनिवार की सुबह खेड़ी गांव के अनुग्रह सिंह के मक्का का खेत खदरा मौजा में कट रहा था। इसीबीच मजदूरों द्वारा खेत मालिक को बगल के खेत में कुछ दूरी पर एक युवती का गला रेता शव पड़े होने की सूचना मिली। खेत मालिक ने तत्काल इसकी सूचना 100 नंबर पर दी। सूचना मिलते ही सीओ बैरिया व थानाध्यक्ष रेवती तत्काल घटना स्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त थाना क्षेत्र के खेड़ी गांव निवासी जंग बहादुर सिंह की 21 वर्षीय पुत्री नेहा के रूप में की।
गला तथा कंधे पर धारदार हथियार से युवती की हत्या की गई थी। साक्ष्य को छिपाने के लिए हत्यारों नेे लाश को खदरा मौजा के एक मक्का के खेत में फेंक दिया था। खेत में चार पहिया वाहन के पहिये का निशान बना हुआ था। मृतका की मां मंजू सिंह की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन शुरू कर दी। इस बाबत एएसपी रामयश्र यादव बताया कि मृत युवती के गले एवं कंधे पर धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई है। मृतका की मां के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं आरोपी को भी चिह्नित कर लिया गया है, जिसके लिए दबिश दी जा रही है।