बांदा। कार हटाने के विवाद में दबंगों ने जल संस्थान के सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता के पुत्र की पिटाई कर 13 हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद तमंचों से लैस दबंगों ने ईंट-पत्थर बरसा कर कार को क्षतिग्रस्त कर दिया।
स्वराज कालोनी निवासी रिटायर्ड अधिशासी अभियंता शीलनिधि शुक्ल के पुत्र शुभकांत के मुताबिक शुक्रवार की रात वह अपनी कार खड़ी करने जा रहा था। संकरे रास्ते में दूसरी कार खड़ी होने पर जब उसने हटाने को कहा तो दो युवकों ने कार नहीं हटाई। जब दोबारा कार हटाने को कहा तो उन युवकों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी और मारपीट कर जेब में पड़े 13 हजार रुपये छीन लिए। इसी बीच परिजनों के आ जाने पर दबंग धमकी देकर भाग निकले।
इसके बाद रात लगभग 12 बजे लगभग 10-12 हमलावरों ने अचानक घर में आकर धावा बोल दिया और सीसीटीवी कैमरा का तार तोड़ डाला और घर के बाहर खड़ी कार क्षतिग्रस्त कर दी। शनिवार को युवक ने पिता ने कोतवाली में तहरीर दी है। उधर, कोतवाली प्रभारी केपी सिंह का कहना है कि सुबह से वह कोतवाली नहीं पहुंचे। घटना व तहरीर मिलने की जानकारी नहीं है।