गाजीपुर के सैदपुर में कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव की सभा में मंगलवार को कोटेदार के खिलाफ शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होने से खफा युवक ने आत्मदाह की कोशिश की, इसके बाद कोटेदारों को लेकर प्रशासनिक अमला सजग हो गया है। गुरुवार को महकमे के आलाधिकारियों ने कोटेदारों के खिलाफ ग्रामीणों की आयी शिकायतों की फाइलों को मंगाया तथा उसपर गंभीरता से विचार करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों की माने तो राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) लागू होने से कोटेदारों की परेशानी बढ़ गई है। हर दूकान की सूची से सैकड़ों परिवारों के नाम कट गए हैं। इसको लेकर जिला मुख्यालय पर औसतन दो से चार गांवों की शिकायतें प्रतिदिन आ रही हैं। जिलाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि राशन कार्ड बनाने में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का मामला सामने आया है, कार्डों को आनलाइन करके उसके सुधार करने का कार्य उनकी देखरेख में कराया जा रहा है। सूची को लेकर जिन गांवों से शिकायतें आयी हैं, उनपर विचार करते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
बलिया। सरकार गरीबों को सस्ते दर पर राशन उपलब्ध कराने के लिए तमाम कवायद कर रही है लेकिन कोटेदार विभागीय अधिकारियों से मिलकर गरीबों के राशन पर डाका डालकर मालामाल हो रहे हैं। हालत यह है कि कोटेदारों की शिकायत सुनने वाला कोई नहीं है, इसकी एक बानगी विगत दिनों गाजीपुर के सैदपुर में कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह की सभा में देखने को मिली, जहां कोटेदारों के खिलाफ कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होने से परेशान होकर एक युवक ने आत्महत्या की कोशिश की।