शहर के पुलिस लाइन रोड पर स्थित एक कोचिंग सेंटर पर गुरुवार शाम को कार सवार कुछ लोगों ने धावा बोलकर वहां बच्चों को पढ़ा रहे एक निजी विद्यालय के शिक्षक को जमकर पीटा। इसके बाद कार से अपहरण कर ले गए।
पुलिस के सक्रिय होने पर एक घंटे बाद अपहरणकर्ताओं ने दरगाह रोड पर ओवरब्रिज के पास शिक्षक को छोड़ दिया। मामले में कोतवाली देहात पुलिस ने जांच शुरू की है। दरगाह थाना अंतर्गत बख्शीपुरा निवासी महेंद्र कुमार एक निजी स्कूूल में शिक्षक हैं। इसके साथ ही वह पुलिस लाइन रोड स्थित कोचिंग सेंटर में भी पढ़ाते हैं।
गुरुवार शाम प्रतिदिन की तरह वह कोचिंग में बच्चों को पढ़ा रहे थे। तभी दो कारों में सवार कुछ लोग कोचिंग पहुंचे और भीतर घुसकर शिक्षक को जमकर पीट दिया। इसके बाद शिक्षक को खींचकर कार में डालकर अगवा कर ले गए। इससे कोचिंग में अफरातफरी मच गई।
एसपी व कोतवाली देहात पुलिस को सूचना दी गई। इसका नतीजा ये रहा कि एक घंटे बाद अपहर्ता दरगाह रोड पर ओवरब्रिज के पास शिक्षक को छोड़कर भाग गए। मामले में शिक्षक का कहना है कि गुरुवार को शिक्षण कार्य के दौरान उन्होंने एक छात्र को बदमाशी करने पर फटकारा था।
गर जब वह रोने लगा तो उसे प्यार से समझाया भी था। इसी के चलते उन पर हमला कर पीटा और अगवा किया गया। हालांकि शिक्षक का कहना है कि वह इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं।