नगर में शराब पीने से हुई पांच लोगों की मौत की जांच कर रही सिटी मजिस्ट्रेट एवं सीओ सिटी की टीम ने शुक्रवार को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट डीएम को सौंप दी। इसमें जहरीली शराब से मौत स्पष्ट नहीं है। आगे की जांच के लिए विसरा लखनऊ स्थित प्रयोगशाला को भेज दिया गया है।
चित्तू पांडेय चौराहे के पास मंगलवार की रात एक साथ शराब पीने वाले पांच लोगों की बुधवार देर रात मौत हो गई थी। जिसमें चार जिला अस्पताल में तथा एक की मौत वाराणसी ले जाते वक्त रास्ते में हुई थी। इस मामले में शहर कोतवाल सुनील कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया था।
डीएम के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट तथा सीओ सिटी ने मामले की जांच के बाद शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट डीएम और एसपी को सौंप दी। एसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि मोहन प्रसाद तथा साधु के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण साफ नहीं हो पाया है इसलिए विसरा जांच के लिए लखनऊ लैब भेज दिया गया है।
साथ ही शराब कारोबारियों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाने का आदेश सभी थानाध्यक्षाें को दिया गया है। गुरुवार की रात कई स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई कई लोगों को गिरफ्तार कर उनका चालान किया गया है।