सिकंदरपुर थाना क्षेत्र बरमनिया प्राथमिक विद्यालय के पास सोमवार की देर शाम बदमाशों ने बाइक सवार दूकानदार की कनपटी पर असलहा सटाकर उससे डेढ़ लाख रुपये लूट लिए।
दूकानदार खटंगा खटंगी चट्टी पर अपनी हार्डवेयर की दूकान बंद कर घर जा रहा था, तभी उसके साथ लूट की घटना हुई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस रात से ही इलाके की नाकेबंदी कर जगह-जगह दबिश देना शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के हजिया रामपुर निवासी शिवजी गुप्ता की ग्राम खटंगा खटंगी की चट्टी पर हार्डवेयर और मनी ट्रांसफर की दूकान है। रोज की तरह वह दूकान बंदकर सोमवार की देर शाम अपने गांव हजिया रामपुर जा रहा था।
अभी वह बरमनिया प्राथमिक विद्यालय के पास पुलिया के समीप पहुंचा था कि पहले से घात लगाए लुटेरों ने उसकी बाइक रोक दी। लुटेरे दूकानदार की कनपटी पर रिवाल्वर सटा दिए। रुपये से भरा बैग छीनने का प्रयास करने लगे।
इस पर दूकानदारों ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। इस दौरान बैग में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये और जरूरी कागजात सहित दूकान की चाबी लूट कर फरार हो गए।
किसी तरह दूकानदार ने पास के गांव में जाकर लोगों की जानकारी दिया। गांव के लोग खबर सुनते ही सड़क के आसपास निकल कर देखते, तब तक बदमाश फरार थे।