हल्दी। इलाकाई पुलिस को सोमवार की शाम बड़ी सफलता हाथ लगी। अंतर प्रांतीय चोर गिरोह के पांच सदस्यों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की। साथ में चोरी की तीन भैंस भी बरामद कर ली गई। चोर गिरोह का खुलासा मंगलवार को थानाध्यक्ष संजय कुमार त्रिपाठी ने किया। बताया कि पकड़े गए पांचों चोरों को मंगलवार को जेल भेज दिया गया, जबकि तीनों मवेशियों को पशुपालक की सुपुर्दगी में दिया गया है।
थाना क्षेत्र के गायघाट निवासी प्रदीप कुमार यादव ने 15 जुलाई को थाने में तहरीर दिया था कि नौ भैस व तीन गाय चोरी हो गई है। प्रदीप के तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। 17 जूलाई की शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन लोग तीन भैस को लेकर पोखरा गांव के दियर में है और वे बिहार जाने के फिराक में है।उपनिरीक्षक जटाशंकर चौबे के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने घेरा बंदी बनाकर तीनों को पकड़ लिया।पूछ-ताछ करने पर तीनों ने चोरी की भैस होने की बात कबूल की।उन लोगों ने अपने कुछ और साथियों के नाम पता भी बताया।
बताए अनुसार स्थान से दो और को पुलिस ने मंगलवार की सुबह पकड़ लिया। गायघाट निवासी प्रदीप को पुलिस ने भैंसों की पहचान करने के लिए बुलाया।उन्होंने सभी भैसों को अपना बताया।पुलिस ने तीनों भैसों को प्रदीप की सुपुर्दगी में दे दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बिहार के चोर गंगा नदी पार कर बलिया जिले में प्रवेश करते है।और चोरी की घटनाओं का अंजाम देते है। पुलिस ने सत्येन्द्र यादव, दीपू यादव व साधू यादव निवासी गण जमुआ थाना बिहिया जिला भोजपुर बिहार को पोखरा दियारा से सोमवार की शाम को पकड़ा था, जबकि प्रधान यादव व फेकू यादव निवासी गण ढ़ाबी थाना नैनीजोर बक्सर बिहार को मंगलवार को हल्दी से गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।