आजमगढ़, लालगंज। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के गोसाईगंज बाजार में मंगलवार की दोपहर गहना की दुकान से एक पुरुष और दो महिलाओं ने ठगी की घटना को अंजाम दिया। जानकारी होने पर दूकानदार ने शोर मचाया। स्थानीय दूकानदारों की मदद से तीनों को पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस तीनों को देवगांव कोतवाली में लाकर पूछताछ कर रही है। बताते चलें कि गोसाईगंज बाजार में कन्हैया सेठ की गहना की दूकान है। इसको जयकरन यादव संभालने का काम करते हैं। मंगलवार की दोपहर एक बाइक पर सवार एक पुरुष और दो महिला दूकान पर पहुंचे। तीनों ने जयकरन यादव से बिछिया दिखाने को कहा। जयकरन ने उन्हें देखने के लिए कई बिछिया निकाला। कुछ काम से वह दूकान के अंदर चला गया। उनके अंदर जाते ही तीनों सारे बिछिया को लेकर फरार हो गए। जयकरन जब बाहर निकले तो तीनों को न पाकर शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए और तीनों को पकड़ लिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची डायल 100 की पुलिस तीनों को पकड़कर देवगांव कोतवाली लाई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस तीनों से पूछताछ करने में जुटी थी।