बैरिया थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर स्थित चांद दियर पुलिस चौकी के पास लगे बैरियर पर पुलिस ने अवैध शराब लदे ट्रक को पकड़ा। तलाशी में ट्रक पर पंजाब राज्य के मोहाली निर्मित कुल 6792 शीशी शराब मिली। जिसकी कीमत बाजार में करीब 40 लाख आंकी जा रही है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिररफ्तार कर लिया है।
बताया जाता है कि बैरियर पर पुलिस ने ट्रक को रोकने का इशारा किया लेकिन चालक ने नहीं रोका तो कोतवाल अविनाश सिंह ने उसका पीछा कर जयप्रभा पुल पर घेर लिया। पुलिस ने चालक से कागजात मांगा तो पशु आहार लदे होने का कागजात दिया, जो अमृतसर से पूर्णिया जा रहा लेकिन जब तिरपाल हटवाकर जांच की गई तो बोरियो में गेहूं के डंठल भरे हुए थे और इन्हीं के बीच में शराब लादी गई थी। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने ले आई और शराब को उतरवाया।
इसमें पंजाब राज्य के मोहाली जिले की निर्मित रायल स्टेट डीलक्स विस्की की 750 एमएल की 3432 बोतल, 375 एमएल की 2880 शीशी तथा 200 एमएल की 480 शीशी कुल 6792 पीस था। जिसकी कीमत बाजार में करीब 40 लाख आंकी जा रही है। पुलिस ने ट्रक चालक पंजाब राज्य के अमृतसर जिले के थाना किरिंडा क्षेत्र के ग्राम बासरके गुमानपुरा निवासी प्रकट सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के मुकदमा दर्ज करते हुए ट्रक व अवैध शराब को सीज कर दिया।
सीओ त्रयंबक दूबे ने बताया कि तस्करी कर ले जाई जा रही शराब बरामद कर चालक को गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।