बलिया। नरहीं थाना के सोहांव गांव में चोरों ने मंगलवार की रात दो घरों का ताला तोड़ कर करीब डेढ़ लाख नगदी, ढाई लाख के जेवरात व हजारों रुपये मूल्य के अन्य सामान चुरा लिया।
सोहांव गांव निवासी ओम नारायण राय गांव के पास ही सड़क पर एक निजी आधार पेमेंट सिस्टम बैंक
का संचालन करते हैं। वह रोज की तरह शाम को बैंक को बंद करने के बाद मौजूद रुपये को लेकर घर पर चले गए। परिजनों की मानें तो घर के दूसरी मंजिल पर ओम नारायण के दादा जो सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी हैं अपने बॉक्स में पेंशन आदि के करीब डेढ़ लाख रुपये रखे थे। इसके अलावा ओम नारायण के रिश्तेदारी में ही 23 जनवरी को होने वाली शादी के लिए उन्होंने करीब 50 हजार की साड़ी व अन्य सामान खरीदे थे। दूसरी मंजिल पर कमरे को सुरक्षित मानते हुए करीब दो लाख के जेवरात भी एक अटैची में रखे हुए थे। ओम नारायण की मानें तो वह 12 बजे सोए लेकिन तब तक कुछ नहीं हुआ था। रोज की तरह भोर में करीब चोर बजे गाय को खिलाने के लिए उठे तो उनकी नजर ऊपर के कमरों पर पड़ी जो खुले हुए थे। जाकर देखा तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और बक्सा व अटैची गायब थी। ओम नारायण के शोर मचाने पर जब लोग जुटे तो इसी बीच पता चला कि पास ही स्थित सत्यनारायन राय के घर भी चोरी हुई है। और उनके यहां से चोरों ने घर का ताला तोड़कर अटैची चुरा लिया है जिसमें 40 हजार नकदी के अलावा दो लाख के जेवरात थे। ओमनारायन ने सूचना पहले 100 नंबर पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों घरों का जायजा लिया। कुछ देर बाद नरही पुलिस भी मौके पर पहुंची और पीड़ितों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने इस मामले में सत्यनारायन राय की तहरीर पर दोनों चोरी के बाबत अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और कार्रवाई शुरू कर दी है।