चौरी। बाजार में मंगलवार को अबूझ हाल में विवाहिता के मौत के मामले में पुलिस ने बुधवार को पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। मायके वालों ने उसकी बेटी शौर्या के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए उसे अपने साथ मैसूर ले गए।
मंगलवार की रात मैसूर से आए मायके वालों ने बेटी का शव देख रोने लगे। मायके वालों ने ससुरालियों पर मीनू की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। आरोप लगाया कि शादी में पांच लाख नगद और पल्सर बाइक के अलावा सभी घरेलू सामान दिए थे। नकद अधिक मांग को लेकर अक्सर मीनू को परेशान किया जाता। उसके बाद ससुराल वालों को 10 लाख दिया गया लेकिन उनकी बेरहमी कम नहीं हुई। पिता गुलाब चंद सेठ की तहरीर पर पुलिस ने पति स्वर्णेश सेठ संग सास, ससुर, दो ननद के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया। सीओ रामकरन ने कहा कि केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं दूसरी ओर बेटी को खो चुके मायके वाले मीनू की तीन वर्षीया बेटी शौर्या को अपने साथ लेकर मैसूर गए। मीनू की मां मालती सेठ ने बताया कि शौर्या यहां रहेगी तो उसकी जान को भी खतरा रहेगा। उसके साथ भी कुछ अनहोनी हो सकती है।