बलिया दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को सदर तहसील के हैबतपुर में निगरानी समिति की बैठक ली। सदस्यों से पूछा कि जब आपके गांव में कोरोना संक्रमित मिलता था तब आप हालात किस तरह संभालते थे। इस पर ग्राम प्रधान संजू राय ने कहा कि ग्रामीणों को मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, संक्रमित को क्वारंटीन करने के लिए प्रेरित किया जाता था।
सीएम ने निगरानी समिति के सदस्यों से गांव में दवा वितरण, खाद्यान्न वितरण के अलावा शिक्षा व चिकित्सा की स्थिति की जानकारी ली। इसके पूर्व सीएम ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत पात्र गृहस्थी कार्डधारक गांव की चार महिलाओं और एक पुरुष को खाद्यान्न किट वितरित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बलिया के बाद वाराणसी आएंगे। वह गोद लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने सीधे हाथी बाजार स्थित हैलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से निरीक्षण के बाद वह परियोजनाओं का भी निरीक्षण करेंगे। अपराह्न सर्किट हाउस में वाराणसी के विकास कार्य और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के बाद कॉरिडोर का काम भी देखेंगे। इससे पहले कालिका धाम का पुल, रिंग रोड फेज-2, गोदौलिया व बेनियाबाग पार्किंग का निरीक्षण करेंगे। यहां से रुद्राक्ष कंवेंशन सेंटर भी जाएंगे और उसके पूरे हुए निर्माण को देखेंगे। साथ ही जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अधिकारियों के कामकाज का भी फीडबैक लेंगे। सीएम शुक्रवार को रात्रि विश्राम कर शनिवार सुबह लखनऊ रवाना होंगे।