चौकिया मोड़। रोडवेज डिपो पर कुछ दिन पहले एक लिपिक पर चप्पल उठाने वाली प्राइवेट महिला सफाईकर्मी को डिपो के क्षेत्रीय सहायक प्रबंधक (एआरएम) आरबी विश्वकर्मा ने कार्यमुक्त कर दिया है। प्रकरण को तूल देने वाले आरोपी परिचालक बच्चा यादव का स्थानांतरण बेल्थरारोड से शाहगंज डिपो के लिए कर दिया गया। लिपिक का भी पटल बदल दिया गया है।
बेल्थरारोड रोडवेज डिपो पर कुछ दिनों पहले प्राइवेट महिला सफाईकर्मी ने एक लिपिक पर चप्पल उठा ली थी। दोनों के बीच किसी मामले को लेकर काफी देर तक झड़प हुई। इसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। सफाईकर्मी के दुर्व्यवहार से नाराज डिपो के कर्मियों ने मंगलवार की शाम डिपो परिसर में नारेबाजी की थी। इस दौरान महिला सफाईकर्मी और अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। एआरएम आरबी विश्वकर्मा ने प्राइवेट सफाईकर्मी को कार्यमुक्त कर दिया। साथ ही आरोपी परिचालक बच्चा यादव का स्थानांतरण शाहगंज डिपो के लिए कर दिया गया। लिपिक विनय श्रीवास्तव को डीजल पटल से हटाकर बैगवाइज एवं चेकिंग पटल पर लगा दिया गया है।