यूपी के बलिया जिले के सुरहा ताल में नाव पलटने से सूर्यपुरा गांव निवासी युवक की मौत हो गई। रविवार शाम तेज-आंधी बारिश के बीच नाव पलट गई थी। सोमवार सुबह काफी खोजबीन के बाद युवक का शव बरामद हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुखपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सूर्यपुरा निवासी विवेक साहनी (25) पुत्र रमाशंकर साहनी रविवार की शाम सुरहा ताल में नाव से मछली मारने गया था। उसी समय तेज आंधी-बारिश के कारण नाव अनियंत्रित होकर पलट गई और विवेक ताल के अंदर डूब गया। राखी का त्योहार होने की वजह से उसकी मां मायके गई थी। घर में सिर्फ पत्नी, दादी और पिता मौजूद थे।
मछली मार कर देर शाम तक घर वापस न आने पर घरवालों को चिंता होने लगी। खोजबीन शुरू की गई, लेकिन रात हो जाने की वजह से कुछ पता नहीं चला। सोमवार सुबह दर्जनों मछुआरों ने नाव से खोजना शुरू किया। ताल के अंदर नैहट्टी के पास नाव और विवेक का शव बरामद हुआ। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। विवेक की शादी डेढ़ साल पहले ही हुई थी।