समस्या के समाधान की गुहार लगाना भाजपा के कार्यकर्ता को भारी पड़ गया। बीडीओ के पास जब गुहार पहुंची तो आरोप है कि उन्होंने धमकी देने का काम किया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता ने उच्च अधिकारियों को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव की समस्याओं के समाधान की गुहार लेकर बीडीओ के पास गए भाजपा नेता पर खंड विकास अधिकारी ने मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दे डाली। यह आरोप शिकायत कर्ता भाजपा कार्यकर्ता राघवेंद्र प्रताप सिंह ने लगाया है। बताया कि इसके बाद आक्रोशित भाजपाजनों ने मुख्यमंत्री समेत उच्चाधिकारियों को पत्र देकर बीडीओ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
विज्ञापन
हालांकि बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। शिकायतकर्ता युवा मोर्चा भाजपा जिला का कार्य समिति सदस्य राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चिलकहर गांव में विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए बीडीओ से शिकायत की और कहा कि पूर्व में ग्रामीणों द्वारा इस संबंध में कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई।
इस पर बुधवार को भाजपा नेता ने नाराजगी जताई। इस पर बीडीओ भड़क उठे और भाजपा नेता को कार्यालय से बाहर जाने और एफआईआर कराने की धमकी दे डाली। हद तो तब हो गई जब बीडीओ ने मौके पर पुलिस को भी बुला लिया। हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप से मामला जैसे तैसे शांत हुआ, लेकिन इसको लेकर कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश रहा।
विज्ञापन
इस मौके पर आलोक सिंह, रोहित यादव, सतीश यादव, सत्यम यादव, शुभम यादव आदि मौजूद रहे। वही़, बीडीओ सूर्य प्रकाश ने बताया कि अपने आप को भाजपा कार्यकर्ता बता कर एक व्यक्ति ग्राम सभा में विकास कार्य करने की बात को लेकर पत्रक लेकर आया था और आत्मदाह की धमकी दे रहा था।
जिस पर मैंने 112 नंबर पर फोन करके उसके खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है, उसके जो भी आरोप हैं सब निराधार है। हालांकि विभागीय सूत्रों का कहना है कि आए दिन ब्लॉक मुख्यालय में खंड विकास अधिकारी से विकास कार्यों सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर फरियादियों से तू तू मैं मै होती रहती है।