बलिया। क्रिमिनल बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री व वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल कुमार सिंह को बुधवार की रात उनके फेफना थाना स्थित मिड्ढा आवास पर एक बोरिया फेंक कर जान से मारने की धमकी दी गई है। पीड़ित को इसकी जानकारी बृहस्पतिवार की सुबह हुई। इसके बाद अधिवक्ता ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस बोरी को लेकर थाने पर चली गई और छानबीन में जुट गई। उधर, अधिवक्ता ने इस घटना की सूचना को पुलिस अधीक्षक को भी दिया। जिसे पुलिस अधीक्षक गंभीरता से लिया है।
रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के कोप गांव निवासी अनिल कुमार सिंह फेफना थाना क्षेत्र के मिड्ढा गांव में आवास बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। इनके आवास पर बुधवार की रात किसी ने एक प्लास्टिक की बोरी फेंक दिया। जिस पर लिखा था कि वकील अगली बार बोरिया में तुम्हारी लाश होगी। इस धमकी भरी चेतावनी के बाद अधिवक्ता का परिवार दहशत में आ गया है। अधिवक्ता ने फेफना थाने में तहरीर देकर घटना का पर्दाफाश करने और आरोपियों को तत्काल गिरफ्तारी करने की मांग की है।
फेफना थानाध्यक्ष संजय त्रिपाठी ने बताया कि किसी ने अधिवक्ता के आवास पर मजाक या गंभीरता पूर्वक बोरी फेंका है। उसकी जांच की जा रही है, जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।