बलिया। नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि जनपद के अनेक स्वास्थ्य केंद्रों पर मैं गया। हर जगह लोगों में कोरोना महामारी के दौर में सरकारी बदइंतजामी के प्रति गुस्सा और भय का माहौल है। वहीं स्वास्थ्यकर्मी पूरी तन्मयता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि गंगा नदी में बहती लाशें सरकार की कलई खोल रही हैं। लेकिन सरकार है कि आंकड़ों की बाजीगरी में व्यस्त है। उसे लोगों की परेशानी और लाशें नहीं दिख रही। आरोप लगाया कि महामारी काल में सरकार लोगों की मौत और संक्रमितों की संख्या छिपाने में जुटी है।
जमीन पर सरकार द्वारा महामारी रोकने और पीड़ितों को राहत पहुंचाने की दिशा में कोई ठोस एवं सार्थक प्रयास नहीं हो रहा है। ऑक्सीजन और दवाई के अभाव में लोग मर रहे हैं। यह स्वाभाविक मृत्यु नहीं है। यह हत्या है और इसके लिए दोषी सीधे-सीधे सरकार है।
नेता प्रतिपक्ष ने मांग किया कि प्रदेश के सभी जनपदों में एक-एक ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया जाएं व प्रदेश भर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बेड की संख्या बढ़ाने के साथ ही ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। वेंटिलेटर, सिटी स्कैन तथा एक्सरे मशीन भी लगाया जाए।