बलिया। जिले के एक इंटर कॉलेज में अमान्य प्रमाणपत्र के जरिये पिछले तीन दशक से नौकरी कर रहे दो शिक्षकों का वेतन माध्यमिक शिक्षा विभाग ने स्थगित कर दिया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. बृजेश मिश्र के आदेश के मुताबिक जिले के पीडी इंटर कॉलेज, गायघाट में धनंजय सिंह और अरुण कुमार पाठक हिंदी साहित्य सम्मेलन, प्रयागराज के शिक्षा विशारद की उपाधि के जरिए शिक्षक की नौकरी कर रहे थे। शासन ने गत 30 जुलाई 2000 को हिंदी साहित्य सम्मेलन, प्रयागराज के शिक्षा विशारद की उपाधि को अमान्य कर दिया है। इसके मद्देनजर दोनों शिक्षकों का वेतन भुगतान स्थगित कर दिया गया है और इनकी बर्खास्तगी की कार्रवाई की जा रही है। अरुण कुमार पाठक गत 14 अप्रैल 1991 और धनंजय सिंह गत 11 जनवरी 1990 से अमान्य उपाधि के बावजूद लगातार वेतन प्राप्त कर रहे थे।