पेपर लीक मामले में फर्जी तरीके से गिरफ्तार किए गए तीन पत्रकारों की रिहाई की मांग को लेकर संयुक्त पत्रकार संघर्ष मोर्चा के बैनर तले डीएम कार्यालय परिसर में पत्रकारों का चल रहा क्रमिक अनशन गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। क्रमिक अनशन पर पहुंचे उप्र राज्य कर्मचारी महासंघ बलिया एवं डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन बलिया क्रमश: महामंत्री व जिलाध्यक्ष ने पत्रकारों की लड़ाई में समर्थन प्रदान करने की घोषणा की।
पत्रकारों की रिहाई की मांग को लेकर छात्रों ने डीएम और एसपी का फूंका पुतला
कुंवर सिंह महाविद्यालय के छात्रनेता आशीष मिश्रा के नेतृत्व में छात्रों ने गुरुवार की देर शाम तीन पत्रकारों की गिरफ्तारी को लेकर रतसर गांधी आश्रम चौराहे पर निर्दोष पत्रकार बंधुओं को रिहा करने की मांग को लेकर डीएम और एसपी का पुतला फूंकने के दौरान पुलिस महकमा और छात्रों के बीच नोकझोंक हुआ।
संयुक्त पत्रकार मोर्चा द्वारा 16 अप्रैल को आहूत बलिया बंद का समाजवादी पार्टी बलिया पूर्ण रूप से समर्थन करती है। उक्त बातें सपा जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने दूरभाष पर कही। उन्होंने कहा कि बलिया का जिला प्रशासन निरंकुश हो गया है और पेपर लीक मामले में जनपद के बेगुनाह पत्रकारों को फर्जी फंसा कर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को चुप कराना चाहता है जो निंदनीय है। समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष ने जिले के समस्त ब्लॉक अध्यक्षों एवं विधानसभा अध्यक्ष गणों तथा पार्टी पदाधिकारी एवं नेताओं से उक्त बंदी में सहयोग करने की अपील किया है।