फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बलिया बलिदान दिवस: इतिहास की दस्तक से खुला जिला जेल का फाटक, निकला जंग-ए-आजादी के दीवानों का हुजूम

Thu, 19 Aug 2021 12:28 PM IST
उत्पल कांत अमर उजाला नेटवर्क, बलिया

सार

19 अगस्त 1942 को तब जेल का फाटक खोला गया था और स्वतंत्रता आंदोलन के दीवाने आजाद हुए थे। उस समय जिले ने न सिर्फ बागी बलिया का तमगा हासिल किया बल्कि देश में सबसे पहले आजाद होने का गौरव भी हासिल कर लिया था। 
विज्ञापन
जेल के दरवाजे को प्रतीकात्मक तौर पर खोला गया - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जंग-ए-आजादी आजादी के दीवानों का हुजूम, हिंदुस्तान जिंदाबाद और भारत माता की जय जैसे नारों से गूंजती फिजाएं और चहुंओर बही देशभक्ति की बयार। 75वें साल भी बलिया बलिदान दिवस पर बृहस्पतिवार को बलिया जिला जेल के बाहर का नजारा सुबह कुछ ऐसा ही था। इतिहास तारीख बन कर एक बार फिर सामने खड़ा था।

विज्ञापन


हर साल की तरह जेल के दरवाजे को प्रतीकात्मक तौर पर खोल दिया गया। भारत माता की जय व वंदे मातरम की गगनभेदी नारे गूंज उठे। सेनानियों के साथ देशभक्ति के रंग में डूबे लोगों ने यहां जुलूस की शक्ल में निकल कर शहर के सभी सेनानियों के प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद टाउन हॉल में आजादी के दीवानों की वीर गाथा को याद किया। 

19 अगस्त 1942 को तब जेल का फाटक खोला गया था और स्वतंत्रता आंदोलन के दीवाने आजाद हुए थे। उस समय जिले ने न सिर्फ बागी बलिया का तमगा हासिल किया बल्कि देश में सबसे पहले आजाद होने का गौरव भी हासिल कर लिया था। इस ऐतिहासिक घटना को प्रतीकात्मक रूप में जब बृहस्पतिवार को दोहराया गया तो जिला कारागार के आसपास का पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
विज्ञापन


उन पलों को याद कर के जिले के लोगों की भुजाएं फड़कने लगीं। इसके बाद जुलूस की शक्ल में नगर भ्रमण करते हुए नगवासियों ने देश के सच्चे सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही कहा कि बागी बलिया को गुलामी न तब सहन थी और न ही अब इसे बर्दाश्त किया जाएगा।

अमर शहीदों के नाम पर गगनभेदी नारे

टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम - फोटो : अमर उजाला
बलिया बलिदान दिवस पर नगर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इनमें विभिन्न संगठनों के लोगों ने प्रतिभाग कर सेनानियों द्वारा दी गई कुर्बानी को याद किया। जिला कारागार पर स्वतंत्रता सेनानी राम विचार पांडेय के साथ डीएम अदिति सिंह, एसपी राजकरन नैय्यर ओंकार सिंह सुबह ही जेल के मुख्य द्वार के बाहर इकट्ठा हो गए थे। सुबह नौ बजे जेल का मुख्य फाटक खोल दिया गया।

अमर शहीदों के नाम पर गगनभेदी नारे लगाए जाने लगे। सेनानी राम विचार पांडेय को माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। जिला कारागार परिसर में ही स्थापित सेनानी राजकुमार बाघ की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद समाजसेवी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं संगठनों के पदाधिकारी जुलूस की शक्ल में सेनानियों की प्रतिमाओं तक पहुंचे। 
विज्ञापन

कुंवर सिंह चौराहे पर जुलूस में शामिल लोगों ने वीर कुंवर सिंह के स्मारक पर माल्यार्पण किया। इसके बाद टीडी कॉलेज चौराहे पहुंचकर सेनानी मुरली मनोहर एवं रामदहिन ओझा का माल्यार्पण किया गया। जगह-जगह स्थापित शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किए गए।

शेर-ए- बलिया चित्तू पांडेय की प्रतिमा पर माल्यार्पण के दौरान शहीदों का जयघोष भी किया गया। जुलूस बापू भवन टाउन हॉल में पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया।  इस दौरान लोगों ने सेनानियों द्वारा दी गई कुर्बानी को याद किया और उनके सपनों के भारत का निर्माण करने का संकल्प लिया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें