बैरिया। क्षेत्र के एक गांव के किशोरी को जबरन मक्के के खेत में खींच ले जाने और जबरदस्ती शराब पिलाकर दुष्कर्म करने के प्रयास के मामले से हड़कंप मचा है। रेवती पुलिस ने दोकटी थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी अक्षय कुमार गोंड पुत्र छोटन गोंड के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के सुपुर्द कर दिया।
उक्त किशोरी ट्यूशन पढ़ने के लिए अपने घर से साइकिल से रानीगंज बाजार जा रही थी। रास्ते में ही एक युवक उसे मक्के के खेत में खींच ले गया। उसे जबरन शराब पिलाई और दुष्कर्म का प्रयास किया। एक महिला खेत में घास काटने आ गई। इसे देख युवक भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने युवक को पकड़ कर जमकर पीटा और एक कमरे में बंदकर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस पकड़े गए युवक को लेकर थाने ले गई। पीड़िता के भाई के तहरीर पर रेवती पुलिस ने देर शाम महिला पुलिस के साथ उसे चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा। एसएचओ हरेंद्र सिंह ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और पीड़िता के भाई के तहरीर पर छेड़खानी का मामला दर्ज किया गया है। किशोरी का उम्र का प्रमाणपत्र मिलने पर पाक्सो एक्ट उसमें जुड़ जाएगा। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।