बलिया। नरही थाना क्षेत्र में पलिया खास के पास एक बगीचे से अवैैध खनन कर डंप किया गया 884 घन मीटर बालू को अधिकारियों की टीम ने सोमवार को कब्जे में लिया था। इस कार्रवाई से रेत माफिया में हड़कंप है। कब्जे में लिया गया बालू पुलिस अपने सुपुर्द में लेने को तैयार नहीं है। खनन अधिकारी ने इससे एसडीएम सदर को अवगत कराया है।
जिले में गंगा, टोंस व सरयू नदी के किनारे बड़े पैमाने पर बालू खनन किया जाता है। नरही थाना के कोटवां नारायनपुर से लेकर हल्दी, दोकटी व बैरिया थाना क्षेत्र तक खनन होता है। अवैध खनन रोकने को डीएम की ओर गठित टीम ने सोमवार को पलिया खास के पास एक बगीचे में अवैैध खनन कर डंप किया गया 884 घन मीटर बालू को कब्जे में ले लिया लेकिन इस बालू को नरही पुलिस ने सुपुर्दगी में नहीं लिया। नियमानुसार खनन विभाग की कार्रवाई में पकड़ी गई बालू को पुलिस सुपुर्दगी में देने के बाद नीलामी की प्रकिया की जाती है। इसके चलते आगे की कार्रवाई भी प्रभावित हो रही है। बताया जाता है कि कोटवां नारायनपुर, नसीरपुर मठ, उजियार, भरौली, सोहांव आदि स्थानों पर भी अवैध खनन कर सफेद बालू का भंडारण किया गया है जो खनन विभाग के निशाने पर है।
लालगंज: पुलिस ने शिवपुर घाट से थोड़े ही दूरी पर लाल बालू लदे एक ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ कर सीज कर दिया। चौकी प्रभारी लालगंज अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि शिवपुर घाट से एक ट्रैक्टर ट्राली पर अवैध तरीके से लाल बालू लादकर बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।
-
पुलिस अभिरक्षा से गायब बालू का पता नहीं
बलिया। 26 जुलाई 20 19 को एसडीएम सदर की अगुवाई में टीम ने तीन स्थानों पर छापेमारी कर करीब तीन लाख रुपये मूल्य की कुल 996 घन मीटर सफेद बालू को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया था। इसमें सोहांव ब्लॉक के सामने एक जगह 686 घन मीटर, दूसरे स्थान पर 232 घन मीटर व लक्ष्मणपुर गांव के बगीचे में रखे 78 घन मीटर बालू था। जब बालू की नीलामी की प्रक्रिया शुरू हुई तो पता चला कि सीज की गई बालू का अधिकांश हिस्सा गायब हो चुका है। खनन अधिकारी की रिपोर्ट पर जनवरी महीने में जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने प्रभारी निरीक्षक नरही को पत्र भेजकर गायब हुए बालू की रिपोर्ट मांगी। खनन अधिकारी की मानें तो अभी तक रिपोर्ट नहीं मिली है।
-
पलियाखास गांव के पास एक बगीचे में अवैध सफेद बालू को कब्जे लेकर कार्रवाई की जा रही है। नरही पुलिस ने बालू सुपुर्द में लेने से मना कर दिया, है लिहाजा मामले से एसडीएम को अवगत कराया गया है। इसके चलते आगे क्या कार्रवाई की जाए। एक साल पहले पुलिस सुपुर्दगी से गायब हुए बालू के मामले में रिमाइंडर भेज कर आख्या मांगी जाएगी।- योगेंद्र भदौरिया, खनन अधिकारी, बलिया।