केंद्र व राज्य सरकार जनता को कोरोना वायरस से बचाने के लिए मुफ्त में कोरोना का टीका लगवाने के लिए कटिबद्ध है। लेकिन स्वास्थ्यकर्मी सरकार के इस प्रयास को पलीता लगाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। कोरोना वैक्सीन लगाने के लिए सीएचसी व पीएचसी पर जहां मारामारी हो रही है, जिससे वैक्सीन की कमी हो जा रही है। वहीं मनियर नगर पंचायत के एक मोहल्ले में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के एक कर्मचारी द्वारा लोगों से पैसा लेकर कोरोना वैक्सीन लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो के अनुसार नगर के चांदुपाकड़ मोहल्ले में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर का एक कर्मचारी लोगों से पैसा लेकर वैक्सीन लगा रहा था। जब इसकी जानकारी नगर के कुछ लोगों को हुई तो वे मौके पर पहुंच गए और उससे पूछताछ करने लगे। लोगों के पहुंचने पर वह लोगों को बरगलाने का प्रयास करने लगा, लेकिन लोग नहीं माने और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मनियर पीएचसी के अधिकारियों में अफरा तफरी मच गई। इस मामले में सीएमओ डॉ तन्मय ककड़ ने कहा कि वीडियो की जांच करा कर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।