20 दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर
ड्यूटी पर जा रहे फौजी को ओवरटेक कर मारी गई थी गोली
संवाद न्यूज एजेंसी
बलिया। सुखपुरा थानाक्षेत्र के अलावलपुर चट्टी स्थित चिरा बाबा स्थान के पास सात अगस्त को बदमाशों ने ड्यूटी पर जाने के लिए ट्रेन पकड़ने जा रहे आर्मी के जवान को पीछे से ओवरटेक कर गोली मार दी थी। इससे वह घायल हो गया था। मामले में पुलिस ने घायल फौजी की मां की तहरीर पर गांव के ही दो लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन 20 दिन से अधिक होने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
बता दें कि पकड़ी निवासी आर्मी के जवान नीरज सिंह (29) पुत्र वीरेंद्र सिंह गत सात अगस्त की शाम सिलीगुड़ी ड्यूटी पर जाने के लिए चचेरे भाई इंद्रजीत के साथ बुलेट से बलिया रेलवे स्टेशन आ रहे थे। सुखपुरा थानाक्षेत्र के अलावलपुर चट्टी स्थित चिरा बाबा स्थान के समीप पकड़ी से ही बाइक से पीछा कर रहे दो बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक दिया और जवान के पेट में गोली मार दी। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। फौजी की मां की तहरीर पर पूलिस ने पकड़ी निवासी सुंदरम सिंह पुत्र विकास देव सिंह और संजय सिंह मणि के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। आरोपी शीघ्र ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।