रसड़ा-नगरा मार्ग स्थित सिंगही चट्टी पर हुए टैंकर-बाइक टक्कर में युवक की मौत के बाद सड़क जाम करते आ?
- फोटो : BALLIA
रसड़ा। नगरा मार्ग स्थित कमतैला पेट्रोल पंप के समीप डीसीएम एवं बाइक की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत पर आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को बीच सड़क पर रखकर जाम कर चालक एवं वाहन को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। जाम के दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं घायल दूसरे युवक को लोगों ने सीएचसी रसड़ा पहुंचाया। उधर, सूचना मिलते ही रसड़ा कोतवाल नागेश उपाध्याय समेत फोर्स मौके पर पहुंच गई और जाम कर रहे लोगों से बातचीत की। कोतवाल के कार्रवाई के आश्वासन पर लोगों ने करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त कर दिया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगरा थाना के सिसवार कला निवासी प्रशांत सिंह (27) पुत्र मनीष सिंह चित्रकूट से काम करके अपने घर जाने के लिए रसड़ा उतरा और अपने पट्टीदार अभिमन्यु सिंह (30) पुत्र वशिष्ठ सिंह के साथ बाइक से घर आ रहा था। जैसे ही वह कमतैला पेट्रोल पंप के समीप पहुंचा कि नगरा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक सवार युवकों को रौंदते हुए भाग निकली। जिससे प्रशांत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अभिमन्यु सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायल को सीएचसी रसड़ा पहुंचाया। वहीं समय से एंबुलेंस न पहुंचने एवं चालक सहित गाड़ी को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर सपा नेता चंद्रशेखर सिंह एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष व सपा युवा नेता मान सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। कोतवाल नागेश उपाध्याय के आश्वासन पर करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। मृतक अविवाहित था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह चित्रकूट में कंट्रक्शन का काम करता था। मौत की खबर लगते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों में कोहराम मच गया। मां प्रतिभा सिंह के रोते-विलखते देख हर किसी की आंखें नम हो जा रहे थी।