बलिया। वृद्धावस्था पेंशन पाने वाले लाभार्थियों को अब आधार बेस्ड भुगतान किया जाएगा। इसके लिए सभी लाभार्थियों को न सिर्फ वृद्धावस्था पेंशन पोर्टल पर आधार का प्रमाणीकरण कराना होगा, बल्कि पेंशन से संबंधित बैंक की शाखा में जाकर अपने आधार विवरण की छाया प्रति बैंक में जमा करके अपने खाते की आधार सीडिंग भी करानी होगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अभाय कुमार सिंह ने बताया कि पहले वृद्धावस्था पेंशन जो बैंक खाता फीड होता था उसी में जाता था, लेकिन नए वित्तीय वर्ष 2022-23 से वृद्धावस्था पेंशन का आधार बेस्ड भुगतान किया जाएगा। इसके लिए सभी लाभार्थियों द्वारा बैंक खाते में आधार सीडिंग तथा बेवसाइट sspy-up.gov.inपर आधार प्रमाणीकरण जनसेवा केंद्रों के माध्यम से जरूर कराना होगा। उन्होंने बताया की जिनकी फीडिंग हुई रहेगा उनको ही अप्रैल 22 से पेंशन का भुगतान किया जाएगा। जिनका नहीं होगा, उनका भुगतान रोक दिया जाएगा।
जिले में हैं 1.28 लाख वृद्धावस्था पेंशनर
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जिले के छह तहसीलों एवं 17 ब्लाकों के साथ ही नौ नगर निकायों में कुल 1.28 पेंशनर हैं। इनको सरकार की तरफ से हर महीने 1000 रुपये पेंशन दी जाती है। उन्होंने बताया कि उन्हीं लोगों को वृद्धावस्था पेंशन दिया जाता है। इनकी उम्र 60 साल से ज्यादा हो। एकीकृत सामाजिक पेंशन पोर्टल https://sspy-up.gov.in के अंतर्गत वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभार्थियों की वित्तीय वर्ष 2022 -23 से पेंशन का आधार बेस्ड भुगतान किया जाएगा।