मनियर। क्षेत्र के बडा़गाव के ग्रामीणों की शिकायत पर शुक्रवार को जांच करने पहुंची एसडीम बांसडीह अन्नपूर्णा गर्ग ने मौके पर सच्चाई को देखते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लाल बहादुर वर्मा को फटकार लगाई। उक्त गांव के ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी बांसडीह से पंचायत भवन व खलिहान की जमीन पर अवैध कब्जा होने व पोखरी में नाली का गंदा पानी गिरने की शिकायत की थी, जिसको संज्ञान में लेकर नवागत एसडीएम बांसडीह अन्नपूर्णा गर्ग बड़ागांव पंचायत भवन पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन पर अवैध कब्जा देख तुरंत ग्राम प्रधान को बुलवाकर पूछा कि पंचायत भवन पर अवैध कब्जा कैसे हुआ। तत्काल कब्जा खाली करवाएं। इसके बाद खलिहान की जमीन को खाली कराने व पोखरे में गिर रहे गंदे पानी पर तुरंत रोक लगाने का निर्देश दिया।
एसडीएम बांसडीह ने जूनियर हाई स्कूल बड़ागांव पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। जहां पर एमडीएम की भोजन से तो संतुष्ट रहीं, लेकिन शौचालय में ताला बंद देखकर भड़क गईं और ताला खुलवाया तो गंदगी मिली। प्रभारी प्रधानाध्यापक व प्रधान प्रतिनिधि को कोसते हुए कहा कि आदत में सुधार लाएं, साफ सफाई पर ध्यान दें, नहीं तो कार्रवाई भुगतने के लिए तैयार रहें। इस मौके पर रमेश वर्मा, विजेंद्र राम, अशोक राजभर, पुतुल खां, राजेश चौहान, मनोज तिवारी, अनिल यादव, आदि लोग रहे।