बलिया। बांसडीह रोड रेलवे क्राॅसिंग पर अब वाहनों को ट्रेन के आवागमन पर रुकना नहीं पड़ेगा। क्राॅसिंग पर रेल ओवर ब्रिज का निर्माण होगा। सेतु निगम के अधिकारियों ने स्थलीय सर्वे कर इसका प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। इस पर 100 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है।
जनपद में सुगम यातायात को लेकर बलिया-छपरा रेल खंड के बांसडीह रोड रेल क्राॅसिंग पर ओवर ब्रिज का निर्माण होगा। शासन के निर्देश पर सेतु निगम के इंजीनियरों ने मौके पर पहुंच कर स्थलीय सर्वे किया। टीम के सदस्यों ने बांसडीह तिराहे से क्राॅसिंग तक और क्राॅसिंग से बाजार तिराहा, सोनवानी व सहतवार मार्ग की नापी कर लिखापढ़ी की।
इस रूट पर 24 घंटे में करीब 20 से अधिक ट्रेनों का संचालन होने से क्राॅसिंग बंद होने से आने जाने वाले वाहनों को विलंब होता है। पूर्व में विभाग ने ओवर ब्रिज निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था, लेकिन ब्रिज सिर्फ सोनवानी मार्ग पर उतर रहा था। इसे शासन ने कैंसिल कर फिर से प्रस्ताव तैयार कर भेजा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार 900 मीटर लंबा व 7.50 मीटर चौड़ा ओवरब्रिज का निर्माण होगा। शासन से प्रस्ताव पर मुहर व धन स्वीकृत होने के लोगों को काफी सुविधाएं मिलेगी। फेफना रेल क्राॅसिंग पर भी ओवरब्रिज का निर्माण के लिए प्रस्ताव गया है।
सेतु निगम बलिया के अधिशासी अभियंता आरएस राय ने बताया कि रेलवे क्राॅसिंग पर ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जा रहा है। आगे शासन से स्वीकृति होने के बाद कुछ कहा जाएगा। ,