बलिया। शासन के निर्देश पर जिले के वृद्धा पेंशनधारकों का सत्यापन समाज कल्याण विभाग की ओर से कराया गया है। इसमें कुल 6616 अपात्र व मृतक मिले हैं। ऐसे लाभार्थियों की पेंशन बंद कर सूची से हटाने को लेकर विभागीय अधिकारी कार्रवाई में जुटे हैं।
समाज कल्याण विभाग की मानें तो प्रत्येक छह माह पर लाभार्थियों का सत्यापन किया जाता है ताकि अपात्रों के खाते में सरकार धनराशि नहीं जा सके। समाज कल्याण विभाग की ओर से जिले के सभी पेंशनधारकों का सत्यापन संबंधित ब्लॉक स्तरीय कर्मियों के माध्यम से कराया गया। इसके तहत कुल 6601 पेंशनधारक मृतक मिले हैँ। इसके अलावा 15 पेंशनधारक अपात्र पाए गए हैं। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि इन लाभार्थियों का पेंशन बंद करने के साथ ही सूची से हटाने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा नए वृद्धा पेंशन आवेदनों को भी स्वीकृत करने का काम किया जा रहा है।
जिले में कुल वृद्धा पेंशनर- 107000
सत्यापन में अपात्र मिले - 15
सत्यापन में मृतक मिले - 6601
कुल नए स्वीकृत पेंशन - 6318
ब्लॉकों पर पेंडिंग आवेदन- 1200
जिले के सभी वृद्धा पेंशनरों का सत्यापन कराया गया है। इसमें 15 अपात्र व 6601 लाभार्थी मृतक मिले हैं। इन लाभार्थियों को पेंशन बंद करते हुए सूची से नाम हटाने की कार्रवाई चल रही है।
- एके सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी, बलिया