रेवती(बलिया)। नगर के समाजसेवी अतुल कुमार पांडेय बब्लू ने जिलाधिकारी बलिया को नगर की विद्युत अनियमितता के संबंध में 10 सूत्रीय ज्ञापन देकर इसके समाधान की मांग की है। जिलाधिकारी द्वारा इस पर तुरन्त अमल करते हुए संबंधित विभाग के एक्सईन से बात करके श्री पांडेय को वहां भेजा गया।
श्री पांडेय के पत्रक में मुख्य रूप से शासन द्वारा घोषित 18 घंटे की जगह 10 घण्टे विद्युत आपूर्ति होने, नगर के तारो के जर्जर होने, कई केबिल, ध्वस्त हो चुके ट्रांसफार्मर, केबिलों को दुरूस्त करने, कैंप लगाकर बिजली का कनेक्शन देने, नगर में विद्युुत आपूर्ति के फीडर को अलग करने, बीज गोदाम पर 250 केवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की व्यवस्था करने तथा बलिया कि जगह दीघार सब स्टेशन से रेवती को विद्युुत आपूर्ति किये जाने आदि मांग शामिल है। श्री पांडेय ने बताया कि एक्सईन द्वारा सिर्फ नगर तथा ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत कनेक्शन तथा बिल की विसंगति का मामला छोड़कर सभी मांगे मान ली गई है। दो महीने के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने का आश्वासन मिला है।