विकास भवन परिसर में मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी का प्रतीक सौंपते सीडीओ प्रवीण
- फोटो : BALLIA
बलिया। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 2020-21 व 2021-22 में निर्मित प्रदेश के 5.51 लाख लाभार्थी को आवास पूर्ण होने के बाद चाभी वितरित किया गया। इसमें जिले के 6115 लाभार्थी शामिल हैं। इस अवधि में जिले में कुल 19915 आवास स्वीकृत हुए थे, जिनमें 6115 आवास पूर्ण हो गए हैं।
विकास भवन के एनआईसी कक्ष में बुधवार को 15 लाभार्थियों को मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण वर्मा ने आवास की चाबी बांटी। इसके अलावा सभी विकास खंड मुख्यालय पर सौ-सौ लाभार्थियों को चाबी दी गई। इस अवसर पर लखनऊ में हुए मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एलईडी टीवी के माध्यम से सभी लाभार्थियों को दिखाया गया।
विकास भवन में चाबी वितरण के बाद सीडीओ प्रवीण वर्मा ने कहा कि हमारा प्रयास है कि हर जरूरतमंद गरीब को आवास योजना के अंतर्गत पक्की छत मिले। पूरी पारदर्शी तरीके से इस योजना का संचालन हम सब की प्राथमिकता है। बताया कि अभी आवासों का निर्माण कई गांवों में चल रहा है और जल्द ही यह आवास भी पूरे हो जाएंगे। इस मौके पर परियोजना निदेशक डीएन दुबे के साथ पीएम आवास योजना के लाभार्थी रहे।