बलिया। प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण मंत्री एवं जनपद के प्रभारी अनिल राजभर सोमवार की देरशाम जनपद पहुंचेंगे। मंगलवार सुबह कलक्ट्रेट सभागार में जिला योजना समिति की बैठक लेंगे। इसके साथ ही विकास योजनाओं की प्रगति भी देखेंगे। बैठक में मंत्री जिला योजना वर्ष 2021-22 का अनुमोदन करेंगे।
पिछले साल की जिला योजना 2020-21 में अब तक कितना काम हुआ, यह भी देखेंगे। कई कारणों से वित्तीय वर्ष 2021-22 में जिले में अभी जिला योजना समिति की बैठक नहीं हो पाई थी। जिला योजना के लिए शासन की ओर से इस बार 54 अरब की सीमा निर्धारित की गई है। इसके सापेक्ष सभी विभागों के साथ ही सदस्यों के प्रस्ताव को शामिल कर लिया गया है। समिति की बैठक में इस पर चर्चा के बाद अंतिम मुहर लगाई जाएगी। अब देखना है कि इस बार जिला योजना के सापेक्ष शासन से कितनी धनराशि उपलब्ध हो पाती है। जिला योजना जिले के विकास कार्यों की रूपरेखा होती है। प्रत्येक वर्ष जनपद के विकास के लिए कई विभागों की ओर से अपना प्रस्ताव उपलब्ध कराया जाता है। वहीं, शासन की ओर से जिला योजना में स्वीकृत कार्यों के सापेक्ष आधी भी धनराशि जिले को नहीं मिल पाती है। इससे योजना में शामिल किए गए आधे प्रस्ताव कागजों में ही रह जाते हैं। इस पर पिछली योजना से तीन अरब अधिक की जिला योजना तैयारी की गई है।
पिछली योजनाओं पर एक नजर
वर्ष अनुमोदित धनराशि अवमुक्त धनराशि (लाख में)
2020-2021 51382.00 24731.080
2019-2020 46980.00 24649.000
2018-2019 45817.00 21300.000
2017-2018 44097.00 22214.536