बलिया। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाति सिंह बुधवार की सुबह मंडी समिति का औचक निरीक्षण करने पहुंची तो वहां की दुर्दशा देखकर अधिकारियों की जमकर क्लास ली। परिसर में जलजमाव और गंदगी के बीच एक पल नहीं रुकना मुश्किल है। चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ देख आजमगढ़ से आए उप निदेशक अमिताभ शुक्ला व मंडी सचिव को जमकर फटकार लगाई।
इस दौरान पिछले साल मंडी में निरीक्षण के दौरान दिए निर्देशों का अनुपालन नहीं होने पर दोनों अधिकारियों की चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान कृषि उत्पादन मंडी समिति का प्रपत्र-6 का ठीक ढंग से रखरखाव नहीं मिलने पर मंडी सचिव समेत संबंधित कर्मचारी को फटकार लगाते हुए घालमेल पकड़ में आने पर जेल भेजने की हिदायत दी। दरअसल, छह महीने पुराना रसीद बुक एक दम नया दिखने पर मंत्री ने गड़बड़ी की आशंका जताई और कड़ाई से पूछताछ की। जलजमाव, साफ सफाई की खराब स्थिति व गन्दी दुर्गंध आने पर नाराजगी जताई। मंडी के अंदर वाहनों के प्रवेश शुल्क और गेटपास की भी जांच की।कई कमियां मिलने पर नाराज मंत्री ने मंडी के आजमगढ़ मंडल के उपनिदेशक अमिताभ शुक्ला को चेतावनी देते हुए कहा कि सिर्फ बैठकें नहीं करें, बल्कि मंडियों का निरीक्षण कर हालांा जायजा लेते रहे। स्थिति बहुत खराब है उसको सुधारें। ऐसा नहीं कर सकते है तो फिर अनिवार्य सेवानिवृत्त लेकर घर बैठ जाएं।
मंडी में निरीक्षण के दौरान परिसर में अवैध अतिक्रमण देख मंत्री स्वाति सिंह भड़क गई। इस बाबत सवाल किया तो आजमगढ़ से आए उपनिदेशक व मंडी सचिव की बोलती बंद हो गई। दोनों अधिकारियों को कड़ी डांट पिलाते हुए मंत्री ने चेतावनी दी कि अगले 15 दिन के अंदर अगर अतिक्रमण नहीं हटा तो दोनों अधिकारी निलंबित होंगे। पिछले वर्ष निरीक्षण के दौरान इस अतिक्रमण को हटाने के निर्देश के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर मंडी सचिव को ही कटघडे में खड़ा किया। पिछले वर्ष जो स्थिति थी, वही स्थिति आज भी जस की तस है। मंत्री के कड़े तेवर से ऐसा लग रहा था कि अगले 15 दिनों में अतिक्रमण नहीं हटा तो कई अधिकारियों पर कार्रवाई लगभग तय है।