बलिया। ग्राम पंचायत के रिक्त पदों पर हो रहे उप चुनाव के तहत सोमवार को एक प्रधान व 10 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए मतदान शांतिपूर्वक हो गया और कुल 51 फीसदी मत पड़े। हालांकि प्रधान पद के लिए मतदान प्रतिशत कम रहा। मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। आज संबंधित ब्लाकों पर होने वाली मतगणना की तैयारी भी पूरी कर ली गई।
जिले में खाली चल रहे एक प्रधान पद व 10 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए सोमवार को मतदान हुआ। उप चुनाव में प्रधान पद के लिए तो ग्रामीणों में उत्साह रहा लेकिन ग्राम पंचायत सदस्य पद को लेकर मत प्रतिशत काफी कम रहा। वहीं सेक्टर मजिस्ट्रेट बूथों पर मतदान के दौरान डटे रहे। शांति व्यवस्था के लिए पुलिस लगातार चक्रमण करती रही। जिले में दो ग्राम पंचायतों में प्रधान व 100 ग्राम पंचायत सदस्यों के पद खाली थे। चिलकहर ब्लॉक के ही नदौली ग्राम पंचायत में नाम वापसी के निर्विरोध हो गया।नगरा ब्लॉक के मंसूरिया गांव में दो प्रत्याशियों के मैदान में होने से मतदान कराया गया। एक केंद्र व दो बूथ बनाए गए थे। हनुमानगंज ब्लॉक के गंगहरा में ग्राम पंचायत सदस्य के लिए वार्ड 3,5,6,9 के लिए मतदान हुआ। चिलकहर ब्लॉक के बलेसरा में ग्राम पंचायत सदस्य के लिए वार्ड 3,4,7,8,9 व 10 में वोट डाले गए। चुनाव के लिए एक मतदान केंद्र व तीन बूथ बनाए गए थे।
चिलकहर ब्लाक के बेलसरा गांव में ग्राम पंचायत सदस्य के उपचुनाव में मात्र 49 फीसदी ही मतदान हुआ। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात रही। पिछले चुनाव में हुए विवाद को देेखते हुए इस बार बड़े पैमाने पर फोर्स की तैनाती की गई थी। हालांकि पूरे दिन मतदाता रुक-रुक आते रहे। बूथ के आसपास काफी गहमागहमी का माहौल रहा।
उप चुनाव के लिए मतदान सोमवार को शांतिपूर्वक हो गया। कुल 51 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। मतगणना 21 दिसंबर को सुबह आठ बजे से संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों पर होगी। -बी. राम, जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी, बलिया।