बलिया। शासन के फरमान के बाद जिले में एक साथ यातायात सप्ताह के तहत वाहन चेकिंग में शनिवार को जनपदीय पुलिस द्वारा 669 छोटे-बड़े वाहनों का चालान काट दो लाख 14 हजार की वसूली की गई। जबकि सात वाहनों को सीज किया गया। वहीं रविवार को समाचार लिखे जाने तक नगर में करीब 100 वाहनों से 40 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया। पूरे जनपद में चेकिंग की कार्रवाई जारी है। इस दौरान पुलिस के दंडात्मक कार्रवाई से यातायात नियमों के साथ खिलवाड़ करने वालों में हड़कंप मची रही।
शासन के द्वारा यातायात सप्ताह के दौरान यातायात नियमों के विपरीत चलने वालों पर कारवाई करने का फरमान जारी किया गया था। पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थानों पर एक साथ पुलिस अधिकारियों ने अभियान चलाया। जिसमें शहरी क्षेत्र में 320 वाहनों का चालान व एक लाख 8300 रुपये समन शुल्क वसूला गया। जबकि ग्रामीण क्षेत्र में 349 वाहनों का चालान तथा एक लाख 6200 रुपये समन शुल्क वसूला गया। इस प्रकार कुल 669 वाहनों का चालान तथा दो लाख 14 हजार 500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। उधर, नगर की यातायात पुलिस ने ट्रैफिक निरीक्षक सदानंद यादव के नेतृत्व में वाहन चेकिंग किया गया। शहर कोतवाल शशिमौलि पांडेय ने बताया कि सड़क के किनारे वाहन खड़ा करने, तीन सवारी, चारपहिया वाहनों में चलते समय सुरक्षा बेल्ट न लगाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वहीं वाहनों के कागजात नहीं दिखाएं जाने पर उन्हें सीज कर दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक जनपद में अभियान जारी रहा।